अलीनगर थाने के बाहर सड़क जाम कर रहे वार्डवासियों को समझाती पुलिस। संवाद
पीडीडीयू नगर। चकिया के दमड़ी पहाड़ी पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शुक्रवार को अलीनगर थाने के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए परिवार और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5, बिछड़ी निवासी 35 वर्षीय राजेश कुमार 13 फरवरी को घर से अचानक गायब हो गया था। इसकी गुमशुदगी 14 फरवरी को थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी खोजबीन नहीं की गई, और एक सप्ताह बाद उसका शव दमड़ी पहाड़ी के पास पचफेडियां गांव में क्षत-विक्षत हालत में मिला।
शव की पहचान कपड़े और पास में मिला मोबाइल देखकर हुई। युवक की शादी हाल ही में अनीता देवी से हुई थी। राजेश की मौत के बाद अनिता देवी अपने मायके मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव चली गई थीं। परिजनों ने शनिवार को अलीनगर थाने के समीप सड़क जाम कर हल्ला-गुल्ला किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार को समझा-बुझाकर शांत कराया। अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को पत्नी को बुलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद वे शांत हुए।