2005 बैच के आईएएस सुरेश कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कोषागार कार्यालय पहुंचकर जिले के 40 वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किए। इसके बाद पत्रकारों से रूबरू हुए।
उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। विकास कार्यो को अधिकारीगण टीम भावना से मिलकर करें। काम करने वाले अफसरों को पूरा सहयोग दूंगा, शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। बताया कि शासन की योजनाएं पात्रों तक पहुंचे यह प्रयास होगा। कहा कि विकास गति तेज करके जिले को प्रदेश में शीर्ष पर ले जाना है। मूल रूप से इलाहाबाद के रहने वाले नवागत डीएम इसके पूर्व वाराणसी में नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त,अपर श्रमायुक्त, गाजियाबाद एवं मेरठ में एडीएम सिटी, लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश में सचिव पद पर कार्य कर चुके हंै। भदोही में बतौर जिलाधिकारी पहली तैनाती है। नवागत जिलाधिकारी करीब सवा दो बजे मुख्यालय पहुंचे। जहां सीडीओ आरपी मिश्र, एसपीओ एसके श्रीवास्तव, एडीएम हरीलाल, प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह आदि ने बुके देकर स्वागत किया।