जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण तीन दिनों से कोटे की दुकानों पर डंप नि:शुल्क राशन के साथ खाद्य सामानों का वितरण खाद्य एवं रसद विभाग ने चौथे दिन मंगलवार को शुरू करा दिया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की फोटोयुक्त पैकेटों पर सेलो टेप लगाकर वितरण शुरू किया गया है।
खाद्य एवं रसद आयुक्त ने आठ जनवरी को विभागीय अधिकारियों को पत्र जारी किया था कि विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो गई है। ब्लॉक गोदाम और कोटेदारों के यहां पहुंच चुके फोटोयुक्त पैकेट वाले खाद्य सामानों का वितरण न कराएं। वितरण के लिए आगे आदेश जारी किया जाएगा। अब यह निर्णय लिया गया है कि फोटोयुक्त पैकेटों पर कोटेदार सेलो टेप लगाकर ही वितरण करेंगे। वितरण के समय किसी तरह का उल्लंघन का मामला सामने आने पर कोटेदार जिम्मेदार माने जाएंगे। डीएसओ सीमा सिंह ने बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन न हो, इसलिए सेलो टेप लगाकर खाद्य सामान का वितरण कराने का निर्देश दिया गया है।