दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के संकट मोचन मंदिर स्थित तालाब पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें पूर्वांचल के कई जिलों के पहलवानों ने भाग लिया। एक दूसरे को हराने के लिए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। दुर्गागंज थाने के उप निरीक्षक प्रमोद यादव ने गाजीपुर के पहलवान मोनू को पटखनी दी। विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया।
कुश्ती में दोपहर तक भदोही जिले के अलावा वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, बिहार के पहलवान पहुंच गए। आयोजकों ने हाथ मिलाकर शुभारंभ किया। कुश्ती में आकर्षण का केंद्र दुर्गागंज थाने के उप निरीक्षक प्रमोद यादव और मोनू पहलवान गाजीपुर के बीच की कुश्ती रही। कड़ी मशक्कत के बाद प्रमोद ने मोनू को चित किया।
कमेटी की ओर से प्रमोद को 10500 रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहां मौजूद लोगों में प्रमोद को अपने कंधे पर उठाकर माल्यार्पण किया। महिला पहलवानों में रूबी घरांव ने कछवां की खुशबू को पटखनी दी। इसी तरह गया जौनपुर ने अंगद सुल्तानपुर, दुर्वासा मुगलसराय ने बाबा मिर्जापुर को हराया। कुश्ती में 40 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया। रेफरी की भूमिका बफाती अली, ओमप्रकाश जौनपुर ने निभाई। दुर्गागंज थाना के प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान संदीप बिंद्, अशोक सिंह, संतोष, विंध्यवासिनी पांडेय,अशोक हलवाई, राधेश्याम मौर्य, समरजीत चौहान, मुन्ना यादव, लल्लन पांडे, अकबर अली आदि रहे।