ज्ञानपुर। दिल्ली के विज्ञान भवन में 20 से 23 फरवरी को होने वाले भारतीय छात्र संसद में जिले के 20 से 24 स्नातक और परास्नातक के छात्र शामिल होंगे। इसमें देश भर के 400 महाविद्यालयों से दो हजार छात्र शामिल होंगे।
बृहस्पतिवार को भारतीय छात्र संसद के जिला संयोजक विशाल सिंह की अध्यक्षता में महजूदा बाजार में बैठक हुई। इसमें छात्र संसद में शामिल होने के लिए आनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों से बात की गई। उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले छात्र संसद में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, खेल एवं युवा केंद्रीय राज्यमंत्री किरण रिजीजू, महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, योग गुरु बाबा राम देव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता प्रकाश करात, फिक्की की पूर्व प्रेसिडेंट नैना लाल किदवई, कार्पोरेट गुरु, लेखक शिव खेरा, कारोबारी निरंजन हीरानंदानी जैसे लोग शामिल होंगे। इसमें अलग-अलग विषयों के आठ सत्र आयोजित होंगे। जिसमें ‘जातिवाद, आतंकवाद और उग्रवाद का मुकाबला कैसे करें’, ‘पांच ट्रिलियन अर्थव्यवस्था’, ‘बीते सात दशक में भारत की तस्वीर’ सहित कई विषयों पर चर्चा होगी। इस मौके पर धीरज पांडेय, मुकेश वर्मा, छोटू सिंह, शिवम सिंह, आरूष यादव आदि रहे।