औराई थानाक्षेत्र के विक्रमपुर गांव के समीप जीटी रोड पार करते समय कार की चपेट में आने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर नाराज लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझा- बुझाकर आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
इटवां गांव निवासी संतोष यादव (15)पुत्र गोपाल यादव अनंती शिक्षा निकेतन स्कूल लोहरापुर कटका मिर्जापुर में नौवीं का छात्र है। रविवार को स्कूल की छुट्टी होने पर वह बाल कटवाने के लिए कटका बाजार गया था। बाल कटवाने के बाद लौटते समय वह विक्रमपुर गांव के एक पेट्रोल पंप के समीप जीटी रोड पार करने लगा। उसी दौरान एक कार ने तेज टक्कर मार दी। इससे उसके सिर और पेट में गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। घटना के बाद नाराज लोगों ने जीटी रोड का दक्षिणी लेन जाम कर दिया। सीओ सुनील कुमार और एसओ सत्येंद्र यादव मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।