ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ प्रत्याशी लवकुश यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ रविवार को कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। छात्रसंघ चुनाव निलंबित होने के बाद अध्यक्ष प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की थी।
27 सितंबर को बारिश के चलते जिला प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को निलंबित कर दिया था। जिसको लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी लवकुश यादव एवं उनके समर्थकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर चुनाव को टाला गया। रविवार को राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के जिलाध्यक्ष पंडित अंबरीष तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारी ज्ञानपुर कोतवाली पहुंचे। लवकुश यादव एवं उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल भैया छविनाथ सिंह ने आईपीसी की धारा 188, 504,143 के तहत मुकदमा दर्ज किया। संगठन की ओर से अविलंब गिरफ्तारी की मांग की गई। मौके पर विकाश दुबे , चंद्रेश तिवारी, विकाश मिश्रा, आदर्श तिवारी,प्रवीण पांडेय, गोल्डी दुबे, शिवम तिवारी, राजकुमार दीक्षित, योगेश पांडेय , दीपक तिवारी,चंद्रकांत पांडेय,दुर्गेश तिवारी,विराट तिवारी आदि रहे।