शिवगंगा एक्सप्रेस की खिड़की का टूटा शीशा। स्रोत जीआरपी
गोपीगंज। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के फाटक के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे बनारस से दिल्ली जा रही शिवगंगा एक्सप्रेस के बी-2 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। आशंका जताई जा रही कि किसी मनबढ़ ने पत्थर मारा है। हालांकि, कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। शीशा टूटने की सूचना कंट्रोल रूम से मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर अवैध वेंडरों को लेकर अक्सर विवाद होता है। शुक्रवार की रात में उस समय हड़कंप मच गया जब शिवगंगा एक्सप्रेस में पत्थर फेंकने की बात सामने आई।
कंट्रोल रूम से खबर मिलने पर जीआरपी ज्ञानपुर रोड चौकी प्रभारी आनंद कुमार रात में कर्मचारियों शमशेर सिंह व अनिल कुमार तथा आरपीएफ के हेड कांस्टेबल उत्तम कुमार पांडेय और हेड कांस्टेबल शिवानंद दीक्षित के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने रेलवे लाइन के दोनों ओर तथा आसपास के क्षेत्र में चेकिंग की लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली। उन्होंने आशंका जताई कि किसी व्यक्ति ने पत्थर आदि फेंका जिससे बी-2 कोच की सीट नंबर 39 की खिड़की का शीशा टूट गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन पर वस्तु किस दिशा से फेंकी थी और घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक रामबाग डीके यादव ने बताया कि ट्रेन का शीशा टूटने के मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।