लखनऊ एसटीएफ बृहस्पतिवार को भदोही के डीघ ब्लॉक के साल्वर गिरोह के एजेंट प्रधान समेत दो युवकों को उठा ले गई। प्रधान समेत दो को उठाने की खबर से क्षेत्र में खलबली मच गई। इसको लेकर दिन भर सियासी सरगर्मी बढ़ी रही।
डीघ ब्लॉक के एक गांव के प्रधान का नाम पहले भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी में आ चुका है। हालांकि सबूत के अभाव में कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे तीन वाहनों से गांव पहुंची एसटीएफ लखनऊ की टीम ने प्रधान एवं उनके भाई को हिरासत में लेकर गई।
पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रधान और उसके सहयोगी यूपी से लेकर कई प्रांतों में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसा वसूलते थे। जिन परीक्षाओं में सेटिंग हो जाती, उसमें धांधली कर देते। 69000 शिक्षक भर्ती धांधली में प्रधान और उसके भाई का तार जुड़ने पर एसटीएफ ने कार्रवाई की।
बताया जाता है कि एसटीएफ के हत्थे चढ़े प्रधान के पूर्वांचल के कई जिलों में एजेंट है। जिनके माध्यम से वह नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठता था। अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। एसटीएफ समेत अन्य दूसरी एजेंसी गंभीर मामलों में लोकेशन के आधार पर गिरफ्तारी करती है। स्थानीय पुलिस से संपर्क नहीं साधती।