उत्तर प्रदेश दिवस पर प्रदेश के औद्योगिक विकास में हांथ बंटा रहे उद्यमियों को शुक्रवार को लखनऊ में सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सम्मानित होने वाले राज्य भर के उद्यमियों की सूची में भदोही के दो उद्यमियों का भी नाम शामिल रहा।
पुरस्कार पाने वाले फत्तुपुर के कालीन निर्यातक आर्ट पैलेस के अधिष्ठाता इफ्तेखार अहमद ने कहा कि सम्मान मिलने से प्रोत्साहन होता है, जो और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के औद्योगिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से कहा कि आप लगन से प्रदेश के विकास में सहयोग दें। हम उद्योगों के विकास में प्रदेश को देश के अगली पंक्ति में खड़ा देखना चाहते हैं।
सम्मान की कड़ी में आर्ट पैलेस को लघु उद्योग श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला। जिसे उनके प्रतिनिधि ने लखनऊ में सम्मान हासिल किया, जबकि दुलमदासपुर के परवेज कारपेट्स के पार्टनर परवेज अंसारी को उच्च गुणवत्ता की श्रेणी में स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र हासिल किया। परवेज अंसारी ने कहा कि यह सम्मान हमारे उन बुनकरों और कारीगरों को समर्पित है। जिनकी बदौलत में यहां खड़ा हूं। डिप्टी कमिश्नर उद्योग आशुतोष सहाय पाठक ने कहा कि यह सम्मान कालीन निर्यातकों की मेहनत और लगन का नतीजा तो है ही हमारे जिले के लिए भी गौरव की बात है।