नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में भदोही के सपा विधायक जाहिद जमाल बेग और बेटे जईम बेग की बृहस्पतिवार को न्यायाधीश एमपी एमएलए साधना गिरी की अदालत में पेशी हुई। सपा विधायक की गिरफ्तारी के बाद पहला ऐसा मौका रहा, जब पिता और बेटे की पेशी एक साथ हुई। कोर्ट में एक-दूसरे को देखकर पिता-पुत्र भावुक हो गए। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख चार जनवरी तय की है।
भदोही के सपा विधायक जाहिद जमाल बेग के आवास में नौकरानी के आत्महत्या करने के बाद विधायक समेत उनकी पत्नी सीमा बेग और बेटे जईम बेग पर नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में सपा विधायक और बेटे की गिरफ्तारी की गई।
विधायक प्रयागराज के नैनी और बेटे जईम वाराणसी जेल में बंद हैं। बृहस्पतिवार को गिरफ्तारी के बाद पहली बार करीब साढ़े तीन महीने बाद पिता-पुत्र की एक साथ पेशी हुई। विधायक सरकारी वाहन से कोर्ट में आए। वहीं बेटे को पहले अमृतसर पंजाब मेल ट्रेन से भदोही स्टेशन लाया गया। उसके बाद उन्हें प्राइवेट वाहन से लाकर कोर्ट में पेश किया गया।
इस दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। एमपीएमए साधना गिरी की अदालत में पिता-पुत्र जब आमने-सामने हुए तो दोनों भावुक हो गए। मामले में कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख चार जनवरी दी है।