भदोही। नगर के 28 वार्डों में जल्द ही छह करोड़ 31 लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसमें दो करोड़ 51 लाख रुपये से अजीमुल्लाह चौराहे से कालीन भवन तक स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगेंगी और इंटरलाकिंग, नालियां आदि का निर्माण होगा। पिछले दिनों डीएम की बैठक में लिए गए निर्णय को अब अमलीजामा पहनाने की कवायद शुुरू हो गई है। भदोही नगर पालिका में कुल 28 वार्ड हैं। इनमें परिसीमन के बाद शामिल ग्राम पंचायतों में अब भी विकास कार्य कम हो सके हैं। हिम्मतपुर बकुचियां, बंधवा नईबस्ती, मामदेवपुर, जल्लापुर, छेड़ीबीर, मर्यादपट्टी कुछ ऐसे वार्ड हैं, जो दूसरे वार्डों के मुकाबले आज भी विकास में पिछड़े हैं। इन वार्डों को शामिल करते हुए नगर पालिका ने नगर के लगभग सभी वार्डों में इंटरलाकिंग सड़कों और नालियों के निर्माण का खाका तैयार किया है। नगर पालिका के ईओ धर्मराज सिंह ने बताया कि इस पर 3.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा अजिमुल्लाह चौराहे से लेकर मर्यादपट्टी कालीन भवन तक स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट भी लगाने का निर्णय लिया गया है। कहा कि सड़कों पर जुलूस, शोभायात्रा आदि निकलने वाले त्योहारों पर किसी अनहोनी से बचने के लिए बिजली काट दी जाती है। इस स्थिति में लोगों को अंधेरे से बचाने के लिए स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगेंगी। इस पर 2.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बताया कि इंटरलाकिंग निर्माण सभी वार्डों में कराए जाएंगे लेकिन पिछड़े वार्डों को प्राथमिकता दी जाएगी। जल्द ही यह विकास कार्य कराना शुरू कर दिया जाएगा।