कोतवाली क्षेत्र में गिराई गांव के पास हाईवे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में साफ्टवेयर इंजीनियर आनंद कुमार (40) निवासी आईटीआई कालेज के पास कानपुर घायल हो गए। हादसे का कारण ट्रक को ओवरटेक करना बताया जा रहा है। पुलिस ने घायल इंजीनियर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करायी, वहां हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल होने की सूचना पर कानपुर से आए रिश्तेदार शिवकुमार ने बताया कि साफ्टवेयर इंजीनियर आनंद कुमार कार में अपनी पत्नी सीमा देवी, पुत्र बच्चन और ससुर बीके अहरवार को बैठाकर कानपुर से कोलकाता जा रहे थे। भोर में करीब चार बजे एक ट्रक को ओवरटेक करते समय ट्रक चालक ने कार में किनारे से धक्का मार दिया। जिससे कार उसी ओर क्षतिग्रस्त होकर अनियंत्रित होते हुए डिवाइडर में टकराते हुए रूक गई। कार को आनंद कुमार ही चला रहे थे जिससे ट्रक से साइड लगने के कारण काफी चोट आ चुकी थी। पत्नी, पुत्र और ससुर बाल-बाल बच गए हैं। उप निरीक्षक आरएन यादव ने कहा कि घायल को इलाज के लिए भेजवाकर सामान कार में बंद करा दिया गया था। सुबह 11 बजे रिश्तेदारों के आने पर कार में भरे सामान को सुरक्षित सुपुर्द कराकर जांच की जा रही है।