ऊदा देवी पासी विकास समिति की ओर से सोमवार को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में शहीद ऊदा देवी का बलिदान दिवस मनाया गया। इसमें देश की आजादी के लिए उनके बलिदान पर प्रकाश डाला गया।
बतौर मुख्य अतिथि ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि देश को आजाद कराने में शहीद ऊदा देवी का अहम योगदान रहा। 1857 के संग्राम में वीरांगना उदा देवी ने कैप्टन लारेन सहित 35 अंग्रेजों को मौत के घाट उतारा था। विधायक ने जिला मुख्यालय क्षेत्र में वीरांगना ऊदा देवी की प्रतिमा लगवाने की घोषणा की।
कहा कि उनके मान सम्मान में कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि पासी समाज का हित सपा में सुरक्षित है। किसी भी समाज को आगे बढ़ने में शिक्षा का अहम रोल होता है। पासी समाज के अन्य वक्ताओं ने भी वीरांगना ऊदा देवी की देश के प्रति दी गई कुर्बानी को आजादी की लड़ाई में गौरवान्वित करने वाला बताया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व न्यायाधीश पारसनाथ सरोज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पूर्व पदाधिकारियों ने ऊदा देवी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने अपने गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस मौके पर गुलाब पासी, रमेश पासी, सत्य नारायण सरोज, राजबली सरोज, लक्ष्मी देवी, उर्मिला देवी, त्रिभुवन सरोज, संदीप बालाजी, राम आसरे, प्रदीप वियोगी आदि मौजूद रहे। औराई संवाददाता के अनुसार, शहीद वीरांगना उदा देवी पासी विकास समिति की ओर से लालानगर गेस्ट हाउस पर सोमवार को शहीद ऊदा देवी का बलिदान दिवस मनाया गया। औराई विधायक मधुबाला पासी ने उनके बलिदान पर प्रकाश डाला।