ज्ञानपुर। जौनपुर के कोरोना पॉजिटिव के साथ मुंबई से लौटे मोढ़ क्षेत्र के कस्तूरीपुर निवासी युवक को सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएचसी सुरियावां ले गई। कोरोना संदिग्ध समेत छह लोगों का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया। जिला अस्पताल में करीब 399 प्रवासियों का टीम की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कोरोना वायरस संक्रमण रोकने को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण अंचलों में कहीं-कहीं लापरवाही बरती जा रही है। लॉकडाउन-3 में राहत मिलने के बाद महाराष्ट्र, गुजरात समेत अन्य प्रांतों से प्रवासियों के आने का सिलसिला तेज हो गया है। रविवार को जौनपुर जिले में मिले एक कोरोना पॉजिटिव के साथ मुंबई से आए सुरियावां के कस्तूरीपुर निवासी मोनू अली को स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस के सहयोग से सीएचसी लेकर गई, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे क्वारंटीन किया। उसके स्वैब का सैंपल जांच के लिए भेजा।
जिला संक्रामक अधिकारी डॉ. अजीत पाठक ने कहा कि संदिग्ध समेत छह का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। जौनपुर के स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से जानकारी मिलने के बाद उसकी जांच की गई। वहीं दूसरी ओर प्रवासियों की संख्या बढ़ने से अस्पताल में जांच कराने के लिए भी लोगों की लंबी कतार लग रही है। सोमवार को भोर से ही जिला अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में प्रवासी पहुंच गए। अस्पताल में प्रवासियों की संख्या अधिक होने से दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा। स्वास्थ्य टीम की ओर से दिन भर में 399 प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य टीम में शामिल शांति आनंद ने बताया कि कुल 390 से 400 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।