ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को सीतामढ़ी निवासी दंपती समेत छह नए संक्रमित मिले। इससे जिले में मरीजों की संख्या 1756 पहुंच गई, हालांकि एक्टिव केस की संख्या मात्र 125 है।
कोविड-19 के रोकथाम को लेकर तमाम गाइडलाइन जारी की गई है, लेकिन उसका पालन नहीं हो रहा है। जिससे संक्रमितों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक इसकी चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में छह संक्रमित मिले। इसमें सीतामढ़ी के वृद्ध दंपती, सुधवैं में अधेड़, जमुनीपुर में युवक, जलालपुर में युवती और कठौता में युवक शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक 46 हजार संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। जिसमें 43 हजार 800 की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि 1120 की रिपोर्ट आनी बाकी है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों के सापेक्ष एक्टिव मरीजों की संख्या काफी कम है। अब जिले में सिर्फ 125 एक्टिव केस है।