ज्ञानपुर। श्रम विभाग की ओर से बुधवार को जिले के सुरियावां, डीघ, औराई, अभोली और ज्ञानपुर ब्लॉक में मिशन श्रमिक कल्याण शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी ने किया। शिविर में लगभग छह सौ से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान दो सौ श्रमिकों का नवीनीकरण और सौ लोगों ने पेंशन योजना में आनलाइन आवेदन किया। मिशन श्रमिक कल्याण शिविर के मुख्य अतिथि भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री श्रम, योगी मानधन पेंशन, श्रमिक योजना और असंगठित कर्मकार बोर्ड के अंतर्गत चलाई जा रही योजनाओं की उपलब्धियां गिनाई। विधायक ने कहा कि सरकार गरीबों-मजदूरों और किसानों का हित देखकर योजनाओं का संचालन कर रहीं है। अब तक श्रमिक योजना से सैकड़ों परिवारों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस मौके पर ज्ञानपुर ब्लॉक मेें आयोजित मिशन श्रमिक कल्याण शिविर में जिला सेवायोजन अधिकारी शिवानी मिश्रा ने श्रमिकों को बताया कि श्रमिक योजना का लाभ लेने के लिए वह कैसे अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते है। इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि हर महीने सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है जिसका लाभ रजिस्ट्रेशन कराने पर लिया जा सकता है।
इस अवसर पर एएसडीएम जीपी यादव, सीडीओ बीपी सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्या, जिला सेवायोजन अधिकारी शिवानी मिश्रा, इंद्रजीत तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।