सीतामढ़ी। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए सीतामढ़ी स्थित धार्मिक, पौराणिक एवं पर्यटन स्थली, सीता समाहित मंदिर को 22 अप्रैल से 15 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में मंदिर के प्रबंधक कैलाशचंद्र ने बताया कि इस दौरान माता सीता, विश्व प्रसिद्ध 108 फिट ऊंचे हनुमान जी की मूर्ति, सीता सदन गेस्ट हाउस, सीता प्रसादम रेस्टोरेंट 15 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है। गत दिनों देश-विदेश से श्रद्धालुओं, सैैलानियों का आगमन होते रहने से मंदिर परिसर गुलजार रहता था। लेकिन जैसे-जैसे कोरोना का बढ़ते संक्रमण का प्रभाव लोगों को चपेट में ले रहा है वैसे-वैसे गाइड लाइन का पालन करना और कराना मुश्किल होने लगा। अब तक मंदिर के खुले रहने से नवरात्र के शुभारंभ और समापन तक परिसर में काफी चहल-पहल बनी रहती थी लेकिन ट्रस्ट ने बृहस्पतिवार से मंदिर को बंद करने का निर्णय लिया।
हालांकि दक्षिण मुखी मां दुर्गा मंदिर, महर्षि वाल्मीकि आश्रम स्थित प्राचीन सीता मंदिर, सीता धाम मंदिर, उड़िया बाबा आश्रम, बाबा धवासानाथ आश्रम के मंदिर को दर्शन-पूजन के लिए खुला रखा गया है। साथ ही यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को गाइड लाइन का पालन कराकर अंदर पहुंचने की अनुमति दी जाएगी।