ज्ञानपुर। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सोमवार को भी बूथों पर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिया गया। गांव से लेकर नगर तक हेल्प डेस्क में लोगों को प्रपत्र वितरित किया गया। बेहतर कार्य करने वाले तीन बीएलओ को जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं डुप्लीकेट मतदाता सूची के सत्यापन में लापरवाही बरतने पर दो सचिवों को नोटिस जारी किया गया।
सोमवार को भी ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, नई बाजार नगर निकायों के हेल्प डेस्क पर बीएलओ लोगों को गणना प्रपत्र वितरित कर उसके भरने के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया चुनावी व्यवस्था का महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें बीएलओ की भूमिका निर्णायक होती है। उन्होंने सभी बीएलओ से अपील की कि वे इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा, समयबद्धता और सटीकता के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने लक्ष्यों को पूर्ण करें। 24 नवंबर को बेहतर कार्य करने पर बीएलओ अभिषेक कुमार मिश्रा, विनोद कुमार और विनय कुमार सिंह को पुरस्कृत किया। डीएम ने कहा कि 25 नवंबर को भी सभी बूथों पर गणना प्रपत्र भरने एवं डिजिटाइज करने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं पंचायत चुनाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने सत्यापन में लापरवाही बरतने पर सचिव राम शिरोमणि समेत दो को कारण बताओ नोटिस जारी किया।