ज्ञानपुर। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए लगे कर्फ्यू के चलते रविवार को भी सड़कों पर सन्नाटा दिखा। शहर से लेकर गांव की चट्टी चौराहों पर खामोशी रही। जबकि सड़कों पर वाहन लगातार फर्राटा भरते नजर आए। बिना जरूरत के वाहनों से घूम रहे लोगों को कोई पूछने वाला नजर नहीं आया पुलिस भी मौन साधे रही । ऐसे में संक्रमण रोकने का प्रयास सफल नहीं हो सकेगा । कोरोना की दूसरी लहर में लगातार हो रही मौतों व संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए शासन ने तीन दिनों के लिए कर्फ्यू का आदेश दिया है। बिना आवश्यक कार्य के लिए किसी को भी बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। लेकिन जिले के लोग मनमानी से बाज नहीं आ रहे है। रविवार को भले ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन सड़कों पर वाहनों की धमाचौकड़ी चलती रही। सड़कों पर चार पहिया वाहन, दो पहिया ई रिक्शा समेत अन्य वाहन फर्राटे भरते रहे । बहुत से ऐसे लोग भी वाहनों से सफर करते रहे जिन्हें कोई जरूरी काम नहीं था। कोरोना कर्फ्यू को तोड़ने वाले लोगों पर पुलिस भी शिकंजा कसने से बचती रही ।
सीएओ सदर एके सिंह ने कहा कि शासनादेश के मुताबिक कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और मास्क न लगाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जागरूकता के लिए ऐसे लोगों को मौके पर हिदायत भी दी जाती है कि दोबारा पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि आवश्यक सेवा वाले लोग ही बाहर निकले।