चौरी। बाजार के एक व्यवसायी पर बुधवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया। सामान लेने के बहाने बदमाशों ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। हालांकि व्यापारी ने साहस का परिचय देते हुए उनसे जूझ गया और डटकर मुकाबल कर उन्हें भगा दिया। इसमें वह लहूलुहान हो गया। घायल व्यापारी का उपचार कराया गया। बदमाशों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस प्रकरण की जांच में जुट गई है, हालांकि दूसरी तरफ पुलिस गश्त न होने से व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
बुधवार की रात करीब 11 बजे किराना व्यापारी शिव प्रसाद जायसवाल उर्फ बुद्धू की दुकान पर कुछ लोग सामान लेने के बहाने दरवाजा खुलवाया। नकाबपोश बदमाशों को छोटे वाले दरवाजे के बाहर खड़ा कर व्यापारी चीनी देने लगा। इस बीच एक बदमाश ने कट्टे की मुठिया से व्यापारी के मुंह पर वार कर दिया, जिससे व्यापारी लहूलुहान हो गया। मौका मिलते तीन अन्य बदमाश भी दुकान के अंदर आ गए। घायल होने के बावजूद व्यापारी बदमाशों से जूझता रहा। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। व्यापारी ने बताया कि बदमाश लगातार कैस बॉक्स को पूछ रहे थे, इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि बदमाशों की मंशा लूट की थी। चर्चा है कि दो बाइक पर कुल आधा दर्जन बदमाश थे, जिनमें चार दुकान के अंदर गए थे जबकि बाहर दो बाइक की ड्राइविंग सीट पर थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूर्यभान हमराहियो संग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों को पकड़ने में असफल रही। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। वहीं दूसरी ओर पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की हरकत कैद हो गई है। कैमरे के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।