ज्ञानपुर मिश्रा मार्केट में नोट को सैनिटाइज करते दुकानदार निशीत पांडेय।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। सुरक्षात्मक पाबंदियों के बीच अनलॉक की घोषणा भले ही कर दी गई है, लेकिन कारोबार जगत रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। लॉकडाउन खुलने के बाद भी कारोबार 50 फीसदी से ऊपर नहीं जा पा रहा है।
संक्रमण के डर के बीच दुकानदार और ग्राहक दोनों में हिचकिचाहट है। लिहाजा पैसे का लेन-देन भी सैनिटाइजर के प्रयोग के साथ हो रहा है। इसका असर आपूर्ति और मांग दोनों जगह पड़ा है। यही वजह है कि तमाम दुकानदारों ने नए माल का ऑर्डर नहीं दिया। जिन्होंने दिया भी है तो उन्होंने उठाना उचित नहीं समझा। क्योंकि बिक्री बहुत कम है। ज्ञानपुर के कपड़ा कारोबारी दिलीप तिवारी कहते हैं कि बाजार की हालत बेहद खराब हो गई है। 50 फीसदी भी बिक्री नहीं हो पा रही। ग्राहकों में अब भी डर देखने को मिल रहा है। दुकानदार भी उतने ही डरे हैं। बाहर से आने वाले ग्राहकों से सामाजिक दूरी टूटने का खतरा है। यद्यपि एहतियात पूरा बरता जा रहा है, लेकिन आशंकाओं के बादल छंट नहीं पा रहे।
स्टेशनरी कारोबारी रजनीश गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई का दौर चल रहा है। किताब-कॉपियों की बिक्री पर असर पड़ गया है। अपेक्षा से काफी कम सेल हो गई है। पैसे को भी सैनिटाइज करके लेना पड़ रहा है। प्रदीप दुबे ने कहा कि ग्राहकों को सामान दिखाने के लिए भी दूरी बरकरार रखने की व्यवस्था की गई है, लेकिन फिर भी समस्याओं में कमी नहीं है। इस असर कारोबार पर पड़ रहा है। बिक्री एकदम से धड़ाम हो गई है। समझ में नहीं आता कि व्यवस्था कब पटरी पर आएगी।
सोशल डिस्टेंसिंग पर नहीं है ध्यान
ज्ञानपुर। तमाम कोशिशों के बावजूद कई स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का मानक मजाक बन गया है। बुधवार को नगर की दुकानों और सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग बेमतलब होती दिखी। लोग भीड़ लगाकर सामान खरीद रहे थे। कई दुकानों पर तो लोग मास्क और सैनिटाइजर की उपयोगिता को भी भुलवा दिए हैं। जबकि घर से बाहर निकलने वाले हर व्यक्ति के लिए मास्क का उपयोग अनिवार्य किया गया है। फिर भी इसे हल्के में लिया जा रहा है।