दुर्गागंज। बीच बाजार में स्थित एक किराना की दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरों ने नकदी समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चोरी का पता चलने के बाद पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर लौट गई।
सोमवार की रात चोरों ने दुर्गागंज बाजार में स्थित एक किराने की दुकान को निशाना बनाया। पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और 22 हजार रुपये कैश एवं हजारों के काजू-बादाम समेत अन्य सामान उठा ले गए। दुकानदार के मुताबिक कैश में 20 हजार के नोट और दो हजार के सिक्के चोरी हुए। सुबह किराना दुकानदार शरद जायसवाल ने सामने का शटर उठाया तो अंदर का दृश्य देखकर अवाक रह गया। पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था और हिसाब की डायरी भी तहस-नहस कर दी गई थी। दुकान में रखे सामान तितर-बितर हो गए थे। दुकानदार ने यूपी-100 पर सूचना दी तो मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने थाने पर लिखित रूप से जानकारी देने की बात कहकर चले गए। किराने की दुकान बीच बाजार में स्थित है। दरवाजे के पीछे चारों तरफ ऊंची दीवार है। फिर भी चोरों ने दीवार के सहारे पैसा और सामान उड़ा दिया। यह लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।