उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र-शिक्षक कल्याण समिति के बैनर तले शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक बने शिक्षकों ने वेतन को लेकर वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
सत्यापन पूर्ण होने के बाद वेतन को लेकर दोनों संगठनों में खींचतान शुरू हो गई है। दोनों संगठनों ने ज्ञापन देकर अविलंब वेतन भुगतान की मांग की।
आदर्श शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेशीय शिक्षामित्र शिक्षक कल्याण समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिकांत द्विवेदी के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने विरोध जताया।
श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रथम बैच के 375 शिक्षामित्रों में 170 का सत्यापन पूर्ण हो चुका है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दिसंबर माह के वेतन भुगतान के लिए आदेश कर दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से वेतन बिल भेज दिया गया है लेकिन अब तक उन्हें वेतन नहीं मिला। जिससे पांच माह से वेतन न मिलने से शिक्षामित्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वेतन न मिलने से कई शिक्षामित्र कर्ज में डूब गए हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी के आश्वासन पर शिक्षामित्र शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में मयंक कुमार मिश्रा, अरशद अंसारी, राजेश कुमार, धर्मचंद्र पाठक, विनोद कुमार, विनोद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर आदर्श शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षामित्रों ने लेखाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में अमृतांशु यादव, दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार, शैलेश कुमार, सूबेदार आदि मौजूद रहे।