चार महीनों के बाद शनिवार को हुई नगर पालिका बोर्ड की बैठक होली पर्व पर बोर्ड द्वारा किए जाने वाले प्रस्तावों पर चर्चा के बाद खत्म हो गई। बैठक से पूर्व असंतुष्ट सभासदों की ओर से हंगामे की आशंका थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। बैठक में 14 वे वित्त आयोग से वर्ष 2015-16 में प्राप्त धनराशि की कार्ययोजना सदन में बहुमत से स्वीकृत की गई। जिसके तहत काजीपुर और पकरी मोहल्लों में अंडरग्राउंड नाली निर्माण को स्वीकृति दी गई। बैठक में 8 अक्टूबर 2015 की कार्रवाई मांगे जाने को अगली बैठक के लिये टाल दिया गया।
दोपहर तीन बजे बैठक शुरू होते ही अधिशासी अधिकारी अली हसन ने पांच एजेंडे की जानकारी दी। एजेंडा पढ़ लेने के पश्चात असंतुष्ट सभासदों ने चार माह पूर्व हुए बैठक की कार्रवाई अब तक नहीं मिलने की शिकायत की लेकिन जाकिर हुसैन ने हस्तक्षेप करते हुए होली पर्व को देखते हुए त्योहार की तैयारियों की बावत सभी प्रस्तावों को पास करने का प्रस्ताव रखा। उनका इतना कहना था कि अध्यक्ष पक्ष के सभासदों ने सभी बिंदुओं को पास करने का एलान कर दिया।
14वें वित्त आयोग से प्राप्त धन 1.38 करोड़ की चर्चा शुरू हुई तो उस पर शाहिद एकराम ने धनराशि वापस हो जाने का भय जताते हुए उसके सदुपयोग का प्रस्ताव रखा। इसे भी सदन ने बहुमत से पास कर दिया। प्रस्ताव पास होने के बाद काजीपुर बशीर अहमद के प्लाट से कमरुद्दीन के मकान तक 21.81 लाख और मोहल्ला काजीपुर में ही इम्तियाज नेता के मकान से आलमगीर के कंपनी तक 8.66 लाख से भूमिगत नाला निर्माण, पकरी में सिविल लाईन मार्ग के उत्तरी पटरी पर 24.53 लाख से भूमिगत नाला, उसी मार्ग के दक्षिणी पटरी पर 23.95 लाख से भूमिगत नाला निर्माण, मोहल्ला पचभैय्या में मिर्जा खुर्शीद बेग मोड़ से नूरखांपुर में सईद अंसारी पूर्व चेयरमैन के मकान तक 25.85 लाख से भूमिगत नाला निर्माण के अलावा पेयजल पाईपलाईन मरम्मत हेतु आवश्यक सामग्री आपूर्ति हेतु 4.35 लाख से क्रय किए जाने को अंतिम रूप दिया गया। इसके अतिरिक्त पेयजल के क्लोरिनेशन की दवा, एलईडी लाईट की आपूर्ति भी तत्काल लेने का प्रस्ताव पास कर दिया गया।
इस दौरान नामित सभासद हसनैन अंसारी, शफीक अहमद आदि आठ अक्टूबर 2015 को हुई बैठक की कार्रवाई की बार बार मांग करते रहे। उन्होंने बैठक की सूचना महज दो दिन पूर्व देने को गलत बताते हुए बैठक टालने की मांग करते रहे लेकिन सदन की कार्रवाई आगे बढ़ती रही। बैठक की अध्यक्षता महलका सिद्दीकी और संचालन ईओ ने किया। बैठक में एकमात्र सभासद खुशबुन्निसा मौजूद नहीं रहीं।