ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के सात और मरीज सामने आए। इनमें से पांच लोग मुंबई और दो लोग सूरत से आए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 37 पहुंच गई है। इनमें 31 मरीज सक्रिय हैं। तीन स्वस्थ हो चुके हैं जबकि तीन की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को एंबुलेंस से मिर्जापुर कोविड-19 अस्पताल भेज दिया गया है।
जिले में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लॉकडाउन के तीसरे चरण में मुंबई समेत दूसरे शहरों से प्रवासियों के आने के बाद जिले में कोरोना वायरस का ग्राफ तेजी से बढ़ा। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में जिले के डीघ ब्लॉक के दो, औराई और ज्ञानपुर के एक-एक और भदोही ब्लॉक क्षेत्र के तीन मरीज शामिल हैं। ज्ञानपुर क्षेत्र के चकटोडर गांव निवासी युवक 18 मई को मुंबई से आया था। बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसी तरह 23 मई को भदोही ब्लॉक के कुरैया गांव का एक युवक और घूरीपुर के 11 साल के एक बालक समेत दो लोग मुंबई से आए थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसी दिन डीघ क्षेत्र के रामदासपुर और औराई के उपरौठ निवासी दो लोग सूरत से गांव आए थे। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
24 मई को डीघ क्षेत्र के त्रिभुवनपुर गांव निवासी युवक मुंबई से गांव लौटा था। जांच में वह भी पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 37 पहुंच गई है। सभी को होम क्वारंटीन किया गया था। कोरोना वायरस संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिर्जापुर भेजा जबकि प्रशासन ने गांवों की बैरिकेडिंग कर सील कर दिया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सात नए संक्रमित मिले हैं। तहसील स्तरीय अधिकारियों ने गांव को सील करा दिया है।