गोपीगंज बड़े शिव मंदिर पर संतों को प्रसाद ग्रहण कराते श्रद्धालु। संवाद
गोपीगंज। नाग पंचमी के पावन अवसर पर नगर स्थित बाबा बड़े शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान सोमवार को देर रात तक चलता रहा। अनुष्ठान के दौरान भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न हुआ।
इसके पश्चात बाबा का भव्य शृंगार एवं दिव्य आरती की गई। इसके बाद शुरू हुआ विशाल भंडारा देर रात्रि तक निरंतर चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं, कांवड़ियों, साधु-संतों एवं शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
भंडारे के दौरान पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। समाजसेवी प्रमोद अग्रवाल ने पधारे साधु-संतों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। कहा कि संतों का सम्मान भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है और उनकी सेवा करना सौभाग्य की बात है। मौके पर पालिकाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, पूर्व चैयरमैन प्रहलाद दास गुप्ता, बृजेश गुप्ता, आकाश अग्रवाल, टुनटुन अग्रवाल, अनिल दुबे, शिवशंकर नेता, रामकृष्ण खट्टू, मोहित, विजय, विजय उमर, रॉकी अग्रवाल, सत्य प्रकाश अग्रवाल, सुरेंद्र विश्वकर्मा आदि रहे।