पहला स्नान को अब पांच दिन शेष है लेकिन शनिवार को पीडब्ल्यूडी ने चंद चकर प्लेट से अधूरी दस्तक दी, बिजली, नगर पालिका समेत अन्य विभाग के लचर रवैये से आयोजकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तय समय तक कार्य पूर्ण होने पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।
सेमराधनाथ धाम में माह पर्यंत तक चलने वाला मकर माघ कल्पवास में 14 जनवरी के बाद कल्पवासियों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
पिछले एक सप्ताह के दौरान जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने तीन बैठक लेकर अफसरों को सख्त हिदायत दी थी कि 12 जनवरी तक सेमराध में सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाए लेकिन नौ जनवरी तक सिर्फ पीडब्लयूडी ही दस्तक दे सका। लोक निर्माण विभाग ने कुछ चकर प्लेट पहुंचाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी गई।
बिजली विभाग और नगर पालिका गोपीगंज की ओर से अब तक सेमराध की तैयारी को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसको लेकर आयोजन समिति की परेशानी बढने लगी है। समिति के लोग टेंट लगाने, बालू को समतल बनाने का कार्य कर रहे हैं ऐसे में खंभे आदि न लगने से बाद में काफी मुश्किलें उठानी पड़ेगी।
गुरुपद उत्तराधिकारी करूणाशंकर दास ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय के आदेश का असर सेमराध मेले में कम दिख रहा है। 14 जनवरी से कल्पवासी आने लगेंगे। तैयारी अधूरी होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने कहा कि निर्धारित समय तक कार्य पूरा न होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।