जंगीगंज। काशी-प्रयाग के मध्य स्थित सेमराध नाथ धाम से शुक्रवार को देवाधिदेव महादेव की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पावन पवित्र श्रावण मास में निकाली गई पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। हर-हर महादेव के जयकारे के बीच पालकी यात्रा सेमराध से गोपीगंज पहुंची। पूरे नगर में पुष्प वर्षा से महादेव का भव्य स्वागत व दर्शन-पूजन किया गया। घंटा-घड़ियाल, ढोल-मृदंग की सुमधुर ध्वनि के बीच विकास खंड डीघ के प्रमुख धार्मिक स्थल सेमराधनाथ धाम से पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा 30 किमी भ्रमण कर कौलापुर होते हुए गोपीगंज पहुंची। यात्रा मिर्जापुर रोड होते हुए वापस लौट गई। नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने पालकी पर जहां पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रमुख पुजारी राम प्रसाद पांडेय व सूर्यकांत पांडेय ने विधिवत पूजन कराया।
ज्ञानपुर निषाद पार्टी विधायक विपुल दुबे, डीघ ब्लॉक प्रमुख मनोज मिश्रा, गोपीगंज पालिकाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने यात्रा में शामिल होकर बाबा की विधिवत आरती उतारी। मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष रामबली सिंह, देवेश पांडेय, अमलदार सिंह, राजकुमार सिंह, प्रधान विवेक सिंह आदि रहे।