भदोही। वाराणसी-भदोही रेलमार्ग के नगर स्थित अहमदगंज रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार की शाम बाइक से ट्रैक पार करते समय युवक ट्रेन की चपेट में आने से बच गया। ट्रेन को पास आते देख बाइक को ट्रैक पर छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। ट्रेन की जद में आने से बाइक के परखचे उड़ गए। मौके पर जुटी भीड़ ने युवक को जमकर कोसा।
घटना अपराह्न तीन बजे की है। ओवर ब्रिज निर्माण के लिए गत अप्रैल माह में रेल मंत्रालय ने आरओबी के पूरा हुए बगैर वहां से गेटमैन हटाकर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया था। इससे आज भी आड़े तिरछे कर इसी फाटक से बाइक लेकर लोग आते जाते हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाराणसी नई दिल्ली जा रही स्पेशल ट्रेन आ रही थी। जबकि उक्त बाइक सवार ट्रैक से बाइक लेकर जाने को आतुर था। ट्रैक पर पहुंचते ही अपनी जान जोखिम में देख वह बाइक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। रेलवे पुलिस ने बताया कि बाइक स्वामी की पहचान कराई जा रही है। क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली गई है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।