ज्ञानपुर। लॉकडाउन के तीसरे चरण में दूसरे प्रदेशों से आ रहे लोगों को लेकर जिला प्रशासन भी अब गंभीर हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही संख्या और ग्राम समितियों पर उठ रहे सवालों की हकीकत परखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी देकर रिपोर्ट मांगी जा रही है।
बुधवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट बने डीएचओ सुनील कुमार तिवारी ने टीम के साथ सात क्वारंटीन सेंटरों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी। बताया कि उन्हें 10 गांवों की जिम्मेदारी मिली है। इसमें कलीपुर, रमईपुर, कंतीरामपुर, जीयनपुर, रघुरामपुर, सहसीपुर, मीनापुर आदि गांवों का दौरा कर क्वारंटीन हुए लगभग दो सौ लोगों से पूछताछ भी की। उपस्थित रहे संबंधित ग्राम प्रधानों को स्वच्छता, सोशल डिस्टेंस, खानपान, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और प्रवासियों की जांच कराने में मनमानी न करने की नसीहत भी दी। क्वारंटीन हुए मजदूरों और परिवारों की ग्रामसभा स्तर से थर्मल स्क्रीनिंग कराने में किसी तरह की कमी सामने नहीं आई जिसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई।