कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता को सफल बनाने के लिए पांच फरवरी को स्कूटी रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
भदोही के फूलन देवी तिराहे से रजपुरा तक निकलने वाली रैली की कमान खुद डीएम संभालेंगी। इसमें वोट डाले सब नर, नारी, सबकी है यह जिम्मेदारी जैसे स्लोगन से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसमें महिला शिक्षक, महिला पुलिसकर्मी, महिला लेखपाल हेलमेट के साथ शामिल होंगी। छह फरवरी को चकमानधाता मिनी स्टेडियम में जनता और पुलिस-प्रशासन जबकि मीडिया और प्रशासन के बीच जिला स्टेडियम में मैत्रीपूर्ण मैच खेला जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी को व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीडीओ भानु प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी बनाते हुए डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, एआरटीओ अरूण कुमार, लेखाकार आशीष श्रीवास्तव और जिला सूचना अधिकारी पंकज कुमार को दायित्व सौंपा गया है।