कोइरौना थानाक्षेत्र के कोटिया मोन गांव के समीप बुधवार को एक स्कूल वैन बछड़े को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे उसमें सवार चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को कोइरौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद वैन का चालक फरार हो गया।
कोइरौना थानाक्षेत्र के चंदापुर स्थित केडीएमएस स्कूल का मैजिक वाहन यूपी 66 टी 0021 बुधवार को सुबह सात बजे के आसपास बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। कोटिया मोन गांव के समीप सड़क पर अचानक आये बछड़े को बचाने के चक्कर में वाहन असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गया। उस समय वैन में लगभग आठ बच्चे सवार थे। दुर्घटना में वैन में सवार चैनपट्टी गांव निवासी तीसरी कक्षा का छात्र यश जायसवाल (8), दूसरी कक्षा का छात्र अंश जायसवाल (7), एलकेजी का छात्र हर्ष जायसवाल (5) और पहली कक्षा का छात्र अंकित (6) जख्मी हो गए। इसमें एक छात्र अंश को ज्यादा चोट आई। घायलों का इलाज कोइरौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। स्कूल के प्रबंधक अशोक मिश्र ने कहा कि चालक के पास लाइसेंस होने के साथ ही वाहन के सभी कागजात ओके थे। घबराहट में चालक भाग गया होगा। हालांकि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों के साथ है और घायल छात्रों के इलाज में पूरी मदद की जाएगी। बता दें कि गत दिनों कैयरमऊ में रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों से भरी वैन ट्रेन से टकरा गई थी। इसमें आठ बच्चों की मौत हो गई थी।