भदोही में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
- फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को जनपद भ्रमण के दौरान ब्लॉक में योजनाओं का लोकार्पण और लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किया। सुरियावां के अटल चौराहे पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यापर्ण व नमन किया। उनके व्यक्तित्व, कृतत्व व संदेशों पर प्रकाश डाला। अटल प्रतिमा अनावरण के साथ ही अटल चौराहे पर गोल चक्कर का निर्माण समेत कई अन्य कार्यों का लोकार्पण भी किया।
वार्ड छह के दलित बस्ती में प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों से मिले। सीएचसी सुरियावां का निरीक्षण करते हुए मदर न्यूबार्न केयर यूनिट और 20 हेल्थ वेलनेस सेंटर का लोकार्पण किया। कम्पोजिट विद्यालय चकदुखरन और आदर्श प्राथमिक विद्यालय कस्तुरीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक कक्षा में जाकर छात्र/छात्राओं से संवाद करते हुए मेहनत व लगन से पढ़कर आगे बढ़ने को कहा। बच्चों से पूछा कि आज खाना मिला की नहीं। सभी बच्चों ने हां में जवाब दिया।
अटल प्रतिमा के अनावरण से कुछ मिनट पहले एक सांड ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की चिंता बढ़ा दी। डिप्टी सीएम के पहुंचने से पहले सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर एक सांड घुस गया। भीड़ को देखकर वह इधर-उधर भागता रहा। उसे हटाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस के जवान दौड़ लगाते रहे। डिप्टी सीएम के आने से पूर्व उसे उक्त क्षेत्र से हटा दिया गया। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने बुधवार को आप नेता राजेश मौर्य को हिरासत में रखा। पीड़ित ने बताया कि वह नगर की बदहाल समस्या को लेकर डिप्टी सीएम को ज्ञापन देना चाहता था लेकिन पुलिस सुबह नौ बजे से लेकर शाम चार बजे तक थाने में बिठाए रही।
भदोही भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ के नाम बदलने के सवाल पर कहा कि उसका पुराना नाम लक्ष्मणनगरी ही था। अभी सरकार उस पर काम कर रही है। भविष्य में जैसी जरूरत होगी वैसा ही काम होगा।