जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप मालिकों, गैस एजेंसी संचालको और ऑयल कंपनी के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिले में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। पेट्रोल की आपूर्ति सही न होने पर बीपीसीएल के विक्रय प्रबंधक को डीएम ने तलब किया।
समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि कुछ गैस कंपनियों ने घरेलू गैस सिलिंडरों की पुरानी बुकिंग का निस्तारण करते समय उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्थानातंरण कर दिया, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग को बिना कारण निरस्त कर दिया जा रहा है। इसको लेकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रत्येक उपभोक्ता तक समयबद्ध तरीके से गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी गैस एजेंसी या ऑयल कंपनी के अधिकारी द्वारा निर्देशों की अवहेलना की गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी। बीपीसीएल के पेट्रोल पंप पर इंडेंट के बाद भी तेल आपूर्ति कम होने पर विक्रय प्रबंधक श्याम कुमार को तलब करते हुए स्पष्टीकरण मांगा। आईओसीएल एवं एचपीसीएल के विक्रय प्रबंधकों को निर्देश दिया कि कम आपूर्ति वाले पेट्रोल पंप की समीक्षा कर तीन दिवस के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। इस मौके पर एडीएम शुभांगी शुक्ला, डीएसओ सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।