वैक्सीनेशन अभियान का हाल जानने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने कई टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई तो कुछ केंद्रों पर गैर हाजिर रहे सचिवों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने अछवर स्थित केंद्र का जायजा लिया। यहां पर वैक्सीनेशन की प्रगति धीमी मिलने पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 14 जून से रेहड़ी वाले, पटरी वाले दुकानदार, ठेला खोमचा लगाने वालों का टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही टेंपो, ई रिक्शा चालक, टैक्सी एवं अन्य कामर्शियल वाहन चालकों का टीकाकरण 14 जून से किया जाएगा। उन्होंने अधिशासी अधिकारी एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 14 जून से इन सभी का टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने औराई और ज्ञानपुर के दो केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों पर सचिव संतोष सिंह, धर्मराज, रंजन यादव और मनोज कुमार अनुपस्थित रहे। उन्होंने सभी का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। हिदायत दिया कि भविष्य में ऐसी गलती मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी।