देवी आराधना के पावन पर्व वासंतिक नवरात्र की तैयारियों को लेकर जिले में तैयारी आदि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 29 मार्च से आरंभ हो रहे नवरात्र को लेकर सोमवार को जिले के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। पूजा के सामान से लेकर फल और फूल-मालाओं की दूकानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। ज्योतिषीय गणना के मुताबिक द्वितीय तिथि की हानि के चलते इस बार नवरात्र आठ दिनों का होगा।
चैत्र नवरात्र बुधवार से आरंभ हो रहा है। बाजारों में खरीदारी बढ़ने के साथ ही देवी मंदिरों को भी रंग-रोगन कर सजाया जा रहा है। घोपइला देवी मंदिर के अलावा सीतामढ़ी स्थित सीता माता मंदिर, शीतला धाम और अन्य देवी मंदिरों पर नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। नवरात्र को लेकर जिले के बाजार में 20 से 25 रुपये तक की कीमत में नारियल और 25 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की कीमत में चढ़ाने के लिए चुनरी उपलब्ध है। नवरात्र के लिए पूजा के सामान और फल आदि की खरीदारी के लिए नगर की दूकानों पर भारी भीड़ रही। दूकानदारों के मुताबिक नवरात्र पूजा के सामान की खरीद तेज हो गई है। ज्ञानपुर के दूकानदार कृष्णा ने बताया कि इस बार नवरात्र में भगवा झंडा की मांग बढ़ी है। झंडा 20 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है। जिला मुख्यालय के अलावा भदोही, औराई, गोपीगंज, सीतामढ़ी, सुरियावां आदि इलाकों में भी नवरात्र की तैयारियां लगभग पूरी हो गई है।