धनतुलसी डेंगुरपुर पीपा पुल। संवाद
ज्ञानपुर। तीन ओर गंगा से घिरे जिले के कोनिया क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। डेंगुरपुर-धनतुलसी पक्का पुल के लिए 80.12 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। 15 दिन पहले पुल निर्माण के लिए कैबिनेट से मंजूरी मिली थी।
यह पक्कापुल धनतुलसी गंगा घाट और प्रयागराज के मांडा के डेंगुरपुर गंगा घाट पर बनेगा। करीब 1320 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 320 करोड़ खर्च होगा। इससे जनपद के कोनिया सहित प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के सवा लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
जिले में गंगा करीब 45 किमी परिक्षेत्र में फैली हुई हैं। रामपुर, सीतामढ़ी और डेंगुरपुर-धनतुलसी पीपापुल के माध्यम से लोग मिर्जापुर, प्रयागराज के मांडा, मध्यप्रदेश तक आते-जाते हैं। बारिश में पीपा पुल हटने से दिक्कत बढ़ जाती हैं।
भारी वाहन और चार पहिया वाहनों को मिर्जापुर या प्रयागराज होकर जाना पड़ता है। दो साल पहले रामपुर घाट पर पक्के पुल की सौगात मिली तो साल 2025 में डेंगुरपुर-धनतुलसी घाट पर पक्का पुल को मंजूरी मिली थी।
रविवार को पुल निर्माण के लिए शासन ने 80 करोड़ 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। बता दें कि साल 1978 में आई बाढ़ के बाद से ही कोनिया में पक्के पुल की मांग हो रही है। पुल निर्माण से मध्यप्रदेश की दूरी भी कम हो जाएगी।
जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सीतामढ़ी में सैलानियों की संख्या बढ़ेगी।
पक्कापुल बनने से आवागमन सुगम होगा। पर्यटन के साथ व्यावसायिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इससे विकास के नए द्वार खुलेंगे।