ज्ञानपुर। सूबे के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को प्रदेश का बजट पेश किया। इसमें सरकार भदोही जिले पर मेहरबान दिखी। काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 21 करोड़ का बजट आवंटित किया गया।
वहीं, काशी विंध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण में भदोही जिले को शामिल किया गया है। इससे कालीन नगरी के विकास का मार्ग प्रशस्त होना तय है। कॉलेज प्रशासन से लेकर छात्र-छात्राएं, छात्रनेता उत्साहित हैं। प्रदेश सरकार ने बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, छात्र, महिला, सड़क, परिवहन, श्रमिक, मजदूर, कर्मचारी से लेकर हर वर्ग को साधने की कोशिश की गई है।
स्वास्थ्य, शिक्षा के बजट में बढ़ोत्तरी होने से बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को सहूलियत मिलेगी।
बजट में जिले के लिए दो महत्वपूर्ण निर्णय रहे। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने के लिए बजट में स्थान मिला तो वहीं काशी विंध्य क्षेत्र क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण में भदोही को शामिल किया गया है। महाविद्यालय परिसर में बजट में घोषणा होने पर खुशी का माहौल रहा। छात्रनेता, छात्र-छात्राएं उत्साहित रहीं। प्राचार्य प्रो. रमेश चंद्र यादव ने कहा कि बजट में 21 करोड़ स्वीकृत होना सुखद है। शासन स्तर से विश्वविद्यालय के लिए सात पद सृजित किया गया है। उम्मीद है कि नए सत्र से कक्षा संचालन स्वरूप ले लेगा। पूर्व छात्रनेता एवं भाजपा नेता डॉ. राकेश दूबे, प्रदीप सिंह, छात्र नेता शिवम शुक्ला, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आनंद पांडेय, रोहित पांडेय ने कहा कि सालों की मांग अब जाकर पूरी हुई। यह जिले के लिए सुखद है। छात्र नेताओं ने सरकार का आभार जताया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने कहा कि सरकार का तोहफा जिले के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा।