भदोही। नगर पालिका इंदिरा मिल चौराहे से नेशनल कालेज होते हुए पकरी तिराहे तक स्ट्रीट लाइटें लगवाएगी।। इस पर लगभग चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। बिजली खपत, इस्टीमेट आदि को सत्यापन के लिए विद्युत विभाग को भेजा गई है। वहां से सत्यापित होने के बाद फाइल डीएम के पास मंजूरी के लिए भेजी जाएगी।
भदोही के नेशनल कालेज से रजपूरा, कंसरायपुर, रामरायपुर होते हुए बाइपास मार्ग धौरहरा, जौनपुर की सीमा तक जाती है। इंदिरा मिल से लेकर धौरहरा तक 1.65 करोड़ से 225 स्ट्रीट लाइटें पहले ही लगाई जा चुकी हैं। नगर पालिका के नए बोर्ड के गठन के बाद से ही बाकी के हिस्से में मार्ग प्रकाश कवायद चल रही थी जो बोर्ड की सहमति के बाद जोर पकड़ चुकी है। बोर्ड की सहमति के बाद नगर पालिका ने इंदिरा मिल चौराहे से रजपूरा चौराहा, रजपूरा से प्रजापतिपुर, रजपूरा से नेशनल कालेज होते हुए मूंसीलाटपुर पालिका सीमा तक तथा नेशनल कालेज से कुशियरां होते हुए पकरी तिराहे तक सड़क को रौशन करने की योजना पर काम चल रहा है।
ईओ रविशंकर शुक्ला ने बताया कि बोर्ड की बैठक में स्ट्रीट लाईट के साथ साथ अजिमुल्लाह चौराहे से मर्यादपट्टी तक बीच सड़क डिवाईडर भी बनाने का भी प्रस्ताव था लेकिन फिलहाल केवल स्ट्रीट लाईट पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। बताया कि स्ट्रीट लाईट और डिवाईडर का कार्य मिलाकर कुल 9 करोड़ का आगणन बना था लेकिन फिलहाल केवल चार करोड़ से स्ट्रीट लाईट के प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है।
स्ट्रीट लाइट होने के चलते फाइल एक्सईएन (विद्युत) के यहां अनुमोदन के लिए भेजा गया है। वहां से पास होकर प्राप्त होते ही फाइल डीएम के यहां अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। इस पर काम तेजी से हो रहा है।-
रविशंकर शुक्ला, ईओ नगर पालिका भदोही