कैड़ा से तिलकनाथ बरूणा नदी के लघु सेतु के पास जर्जर सड़क। संवाद
सुरियावां। क्षेत्र के कैड़ा में वरूणा नदी पर दो साल पहले 1.95 करोड़ की लागत से बनी लघु सेतु की सड़क अभी से धंसने लगी है। सड़क के किनारे मिट्टी की कटान शुरू हो गई। पुल के दोनों तरफ 100 मीटर तक कई गड्ढे बने हैं। यहां गड्ढा मुक्त अभियान हवा-हवाई साबित हो रहा है। सुरियावां-अभिया मार्ग पर कैड़ा गेट से तिलकनाथ के बीच वरुणा नदी पर लघु सेतु का निर्माण कराया गया है। पुल के दोनों तरफ करीब 100 मीटर तक सड़क भी बनाई गई थी। अब ये सड़कें बैठने लगी है। इससे सफर के दौरान राहगीरों को दिक्कतें होती लगी है। 24 मार्च 2021 में प्रांतीय लोक निर्माण विभाग की तरफ से 1.95 करोड़ रुपये से लघु सेतु का शिलान्यास हुआ था। 2024 में लोकार्पण के बाद पुल के किनारे दोनों तरफ सड़क पर गड्ढा बन गया है। आधा-अधूरा सेतु का लोकार्पण किया गया। रोजाना सैकड़ों की संख्या में राहगीर गुजरते हैं।
कैड़ा गेट से तिलकनाथ वरुणा नदी पुल तक जो सड़क का निर्माण हुआ है वह सिंगल लेन में है। सड़क की दूरी मात्र डेढ़ किलोमीटर है। जबकि यह मार्ग भदोही, जौनपुर को जोड़ता है। जो खराब हो चुकी हैं, इसको चौड़ीकरण कराने की मांग भी उठने लगी है। गड्ढा होने से स्कूली बच्चों को दिक्कतें होती है। ठेकेदार को मिट्टी डलवाने के लिए निर्देशित किया गया है। जो खामियां हैं उसे तुरंत दूर किया जाएगा। - संदीप कुमार सरोज, एक्सीईएन पीडब्ल्यूडी भदोही