चीनी के बढ़े दामों के बीच त्योहारों की मिठास फीकी न पड़े। इसके लिए मिठाई दुकानदारों ने फिलहाल मिठाई के दामों में किसी तरह बढ़ोतरी नहीं करने फैसला लिया है। विक्रेताओं का कहना है कि रक्षाबंधन पर फिलहाल पुराने रेट पर ही मिठाइयां बेचेंगे। पर्व के बाद मिठाई का दाम बढ़ाने पर विचार करेंगे। बीते तीन साल से 45 से 50 के बीच रही चीनी अब 65 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। इससे मिठाइयों को बनाने का लागत भी 15 से 20 फीसदी तक बढ़ा है।
चीनी के दामों में करीब 15 से 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। अचानक से चीनी का दाम बढ़ने से त्योहारी सीजन में दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। तीन माह पहले थोक बाजार में करीब 45 रुपये किलो बिक रही चीनी अब 64-65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। खुदरा बाजार में रेट 55 से बढ़कर 68-70 रुपये हो गया है। मिठाई विक्रेताओं के मुताबिक चाशनी वाली मिठाइयों में चीनी सबसे अधिक लगती है। गुलाब जामुन, राजभोग, रसगुल्ला के अलावा क्रीम वाली मिठाइयों में चीनी ज्यादा लगती है। मिठाई विक्रेता रविशंकर मोदनवाल ने बताया कि एक किलो खोवे का गुलाब जामुन बनाने में 1.5 किलो चीनी लगती है। पहले 75 रुपये की चीनी में एक किलो खोवे का जामुन तैयार हो जाता था। अब 105 रुपये चीनी पर खर्च करना पड़ेगा।
-
एक साल पहले बढ़े थे मिठाइयों के दाम
करीब एक साल पहले गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण मिठाइयों दुकानदारों ने 10 से 15 रुपये प्रति किलो मिठाई के दाम में बढ़ोतरी की थी। उसके बाद से अब तक मिठाई के दाम वैसे ही चल रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि लागत भले ही बढ़ गई है, लेकिन रक्षाबंधन जैसे त्योहार के बीच मिठाई के दामों को किसी भी हाल में नहीं बढ़ाया जाएगा। अभी आगे आने वाले समय में रेट किस तरह से रहता है। उसके हिसाब से ही रेट पर विचार किया जाएगा।
चीनी के दाम अचानक से बढ़ने से लागत तो बढ़ेगा ही। जो चीनी 45 से 50 रुपये किलो मिलती थी। वहीं अब 65 से 70 हो गई है। जिससे करीब 15 फीसदी तक मिठाइयों की लागत बढ़ेगी। - रविशंकर मोदनवाल, मिठाई दुकानदार, ज्ञानपुर।
रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है। ऐसे में लागत बढ़ने के बाद भी मिठाई के दाम नहीं बढ़ाया जाएगा। चीनी के अलावा मजदूरी भी परेशान कर रही है। गुलाब जामुन, रसगुल्ला जैसी मिठाइयों में चीनी अधिक लगती है। - बावनदास, मिठाई दुकानदार, ज्ञानपुर।
तीन साल से चीनी के रेट स्थिर थे। अब बढ़े हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर चाशनी वाली गीली मिठाइयां ही अधिक बिकती हैं। अब चीनी का दाम बढ़ा है तो लागत भी बढ़ेगा, लेकिन मिठाई के रेट अभी नहीं बढ़ाए जाएंगे। - दीनानाथ गुप्ता, मिठाई दुकानदार, ज्ञानपुर।
चीनी के दाम में बढ़ने से मिठाई की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। अभी त्योहारी सीजन है। इसलिए दाम नहीं बढ़ाया जाएगा। अगर इसी तरह चीनी का रेट स्थिर रहा तो आगे दाम बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। - बाबा उमर, मिठाई दुकानदार, गोपीगंज।