भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने ज्ञानपुर विधायक पर नवधन में जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। जिलाधिकारी के आदेश पर सोमवार को राजस्व टीम दल-बल के साथ जमीन की पैमाइश करने पहुंची।
देर शाम तक राजस्व अधिकारियों ने जमीन की नापजोख में माथापच्ची की। सुरक्षा की लिहाज से गोपीगंज और ऊंज थानों की पुलिस के अलावा एक कंपनी पीएसी भी बुलाई गई थी।
तहसीलदार ने बताया कि नवधन में विधायक की जमीन के अतिरिक्त हाईवे पर स्थित अन्य जमीनों की भी पैमाइश कराई गई।पैमाइश पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी। उधर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि विक्रेता के कब्जे से जितनी जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी, उसी पर बाउंड्री कराई गई थी। क्योंकि जमीन पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा जरूरी थी।
हमने डीएम और अन्य अधिकारियों को पहले ही पत्र लिखकर कहा था कि जमीन की पैमाइश करा ली जाए, अगर रजिस्ट्री कराई गई जमीन से अधिक निकलती है, मैं स्वयं अपने खर्च से चहारदीवारी तोड़वा दूंगा। कहा कि उस जमीन पर गोशाला, भगवान परशुराम की विशालकाय प्रतिमा, नि:शुल्क वेद शिक्षा के लिए पाठशाला और धर्मशाला आदि के निर्माण की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।