ज्ञानपुर। सांसद डॉ. विनोद बिंद की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सड़क निर्माण, मरम्मत कार्यों की प्रगति जानी। जनप्रतिनिधियों ने विकास से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डीएम शैलेष कुमार ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह में निस्तारण का निर्देश दिया। बैठक में मंडी समिति के अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नोटिस जारी किया।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की सड़क त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26, पूर्वांचल विकास निधि, लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, गड्ढामुक्त अभियान, लघु सिंचाई विभाग, नहर प्रखंड, जिला पंचायत एवं राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों तथा नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि फेज-2 एवं फेज-3 के तहत कुल 399 पेयजल योजनाओं का निर्माण प्रस्तावित है। इन योजनाओं के तहत 5439 किलोमीटर प्रस्तावित पाइपलाइन के सापेक्ष अब तक 5395 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 1432 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई थी, जिनकी मरम्मत का कार्य भी पूर्ण करा लिया गया है। डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, विद्युतीकरण एवं अन्य विद्युत संबंधी कार्यों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। सांसद ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों का दायित्व है कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ ही अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर, निषाद पार्टी के विधायक विपुल दूबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, डॉ. राम प्रवेश आदि रहे।