जिले के सभी नौ थानों और कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व, पुलिस संग अन्य विभागों के कुल 57 मामले आए, जिसमें से मात्र छह का निस्तारण हो पाया। अन्य 51 मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दे दिए गए।
ज्ञानपुर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 12 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से मौके पर दो का निस्तारण हो सका। ऊंज थाने में ज्ञानपुर तहसीलदार विजय सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल पांच मामले आए। इनमें से एक भी मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। चौरी थाने में दो मामले लंबित रह गए जबकि औराई में आए चार मामलों में से एक का निस्तारण हो सका। औराई में एसडीएम चंद्रशेखर और तहसीलदार तनुजा निगम ने लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। गोपीगंज कोतवाली में एसडीएम ज्ञानपुर योगेंद्र कुमार ने समाधान दिवस की अध्यक्षता की। यहां तीन मामले आए और किसी का निस्तारण नहीं हो पाया। भदोही कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि कुल पांच मामले आए, जिसमें से सभी के निस्तारण के लिए टीमें भेजी गईं। सुरियावां तहसील में आठ मामले आए और सभी लंबित रह गए। दुर्गागंज में आए 10 मामलों में से मौके पर तीन का निस्तारण हो पाया। कोइरौना थाने में आए आठ मामलों में से एक का निस्तारण किया गया।