दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के घटमापुर बीरापुर गांव निवासी पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख की पत्नी की हत्या उनके ही छोटे बेटे और बहू ने की थी। बेटा-बहू मृतका के नाम मौजूद जमीन को बेचने का दबाव बना रहे थे। इसे लेकर मां राजी नहीं थीं। इसी बात को लेकर बेटे-बहू ने सोमवार की रात मां की गला रेत कर हत्या कर दी थी।
दुर्गागंज थाना क्षेत्र के घटमापुर बीरापुर गांव में बीते सोमवार 65 वर्षीय गिरिजा देवी की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख स्व. राजनाथ गौतम की पत्नी गिरिजा देवी का लहूलुहान शव घर के बरामदे में चारपाई पर पड़ा मिला था। घटना के बाद ही परिजनों की ओर से मामले को छुपाने का प्रयास किया गया और बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, लेकिन प्रधान ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
पुलिस ने मौके से धुली हुई चाकू बरामद की थी। मामले को लेकर पुलिस उनके चार बेटों में सबसे छोटे बेटे रजत गौतम और उसकी पत्नी प्रीति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में दोनों टूट गए। बताया कि मां के नाम की जमीन बेचने को लेकर हम लोग कह रहे थे, लेकिन मां नहीं मान रही थी। इसी बात को लेकर हत्या कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश राजेश सरोज ने बताया कि ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग ग्राम बौरी बोझ तिराहा के पास से हत्यारोपित रजत गौतम और उसकी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार चाकू बरामद किया गया है।