ज्ञानपुर/सरोई। महामारी के दौर में कोरोना गाइड लाइन के पालन के साथ अब जमीन की रजिस्ट्री होगी। महानिरीक्षक निबंधन उत्तर प्रदेश डा.रोशन जैकब ने बृहस्पतिवार को निर्देश जारी कर सभी उप निबंधकों से कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने को कहा है।
दरअसल, संक्रमण बढ़ने के बावजूद निबंधन कार्यालय ज्ञानपुर, भदोही और औराई में कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिदिन पहुंचने वाली भीड़ के बावजूद सोशल डिस्टेंस तक का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। मंडलायुक्त व जिलाधिकारी के साथ हुई मंत्रणा के बाद शासन स्तर से जारी गाइड लाइन का हर हाल में पालन कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। महानिरीक्षक निबंधन की तरफ से हिदायत दी गई है कि निबंधन कार्यालयों में किसी तरह लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित उपनिबंधक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। गाइड लाइन के साथ होने वाली रजिस्ट्री के लिए पहले आनलाइन तिथि व समय लेना होगा। इसके बाद समय पर क्रेता-विक्रेता व गवाहों की उपस्थित जरूरी होगी। विलंब होने पर पुन: वही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उप निबंधक भदोही यादवेंद्र द्विवेदी ने कार्यालय के बाहर शासनादेश का नोटिस भी चस्पा करा दिया है। ताकि कार्यालय पहुंचने वाले भी गाइड लाइन का ध्यान रख सकें।