ज्ञानपुर। जिले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की तरफ से संचालित 108 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 195 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति होंगी। शासन के निर्देश पर विभाग ने इसके लिए आवेदन लेना शुरू कर दिया है। सितंबर तक खाली पदों पर चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की कमी से होने वाली दिक्कतें दूर होंगी।
जिले में कुल 1492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। जहां शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों, धात्री एवं गर्भवती महिलाओं को विभाग की ओर संचालित योजनाओं का लाभ दिया जाता है। पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सेवानिवृत्त होने के कारण कई केंद्रों पर पद खाली चल रहे हैं। इससे इन केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों व महिलाओं को योजनाओं के लाभ के लिए दूसरे केंद्रों पर जाना पड़ता है। जून 2026 में शासन के निर्देश पर विभाग की ओर से केंद्रों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए जहां 25 जुलाई तक आवेदन लिए गए, वहीं सहायिकाओं के लिए 20 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे। उधर, नियुक्ति के लिए शुरू हुई प्रक्रिया के साथ संबंधित ग्राम पंचायतों में अभ्यर्थी आवेदन के लिए भागदौड़ करना शुरू कर चुके हैं। विभाग का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो सितंबर तक चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश व गाइड लाइन के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। अभी आवेदन लिए जा रहे हैं। उसके बाद डीएम के निर्देश पर गठित टीम चयन करेगी।