ज्ञानपुर। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बिना डिग्री के क्लिनिक चला रहे सात झोलाछाप डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की है। सीएमओ के आदेश के बाद झाेलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। सीएमओ की ओर से 178 नीम हकीमों को नोटिस जारी किया गया था। 69 ने नोटिस वापस किया। वहीं जांच पड़ताल के बाद सात पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
जिले में अक्सर झोलाछाप चिकित्सकों को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं। दिसंबर में सीएमओ डॉ. एसके चक ने 178 झोलाछाप डॉक्टरों को नोटिस जारी किया था। सीएमओ ने सभी से सात दिन के अंदर जवाब मांगा था। सीएमओ की नोटिस के बाद तमाम झोलाछाप बचने की जुगत में लग गए। सीएमओ की नोटिस के बाद अब तक 69 ने नोटिस वापस कर दिया है। वहीं नौ ने क्लीनिक न चलाने का शपथ पत्र दिया। इसके अलावा दो क्लिनिक के अनुसार उनका यूनानी में पंजीकरण है। नोटिस जारी होने के दो सप्ताह बीतने के बाद भी अब तक 89 ने नोटिस का जवाब देना जरूरी नहीं समझा। अब तक इन नोटिसों का जवाब आना बाकी है। नोटिस आने के बाद सीएमओ के स्तर से जांच कराया गया। इसके बाद सात क्लिनिक संचालक ऐसे मिले, जो बिना डिग्री के ही क्लिनिक चला रहे थे। सीएमओ ने इन सभी के खिलाफ मुकदमे की संस्तुति की। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि बीते 178 को नोटिस जारी किया गया था। इसमें सात ऐसे मिले, जो बिना डिग्री के ही क्लिनिक चल रहे थे। इन सभी के खिलाफ मुकदमे की संस्तुति कर दी गई है। वहीं नोटिस का जवाब न देने और जिन लोगों ने जवाब दिया भी है। उन सभी की गोपनीय जांच कराई जाएगी और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।