गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के भोपतपट्टी-घाटमपुर गांव में शुक्रवार को भोर में एक युवक ने अबूझ हाल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भोर में घर वालों ने फंदे से लटकता शव देखा तो घबरा गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
भोपतपट्टी गांव निवासी दीपक सरोज (35) पुत्र मौला सरोज अपने तीसरे भाई की बरात में बृहस्पतिवार की रात चौरी क्षेत्र के निदूर गांव गया था। घर पर किसी के न होने के कारण वह शादी की रस्म अदा कराने के बाद अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट आया। इसके बाद वह सोने के लिए कमरे में चला गया। भोर में परिवार के अन्य लोग बरात से घर लौटे तो दीपक का कमरा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कमरा नहीं खुला। किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो दीपक को फंदे से लटकता देख अवाक रह गए। जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस ने परिजनों के सहयोग से शव को फंदे से अलग कर लिखापढ़ी कर कब्जे में लिया। मृतक चार बच्चों का पिता बताया गया है।
कोतवाल केके राय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असलियत सामने आ सकेगी। बहरहाल दीपक किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया है, जांच का विषय है।